News

नशामुक्ति भारत अभियान की राष्ट्रीय लांचिंग मुख्यमंत्री ने की

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को ब्रह्माकुमारीज संस्थान की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी के 99वें जन्मदिन पर नशामुक्ति भारत अभियान की राष्ट्रीय लांचिंग की। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलन कर और हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया ।
शांतिवन के विशाल डॉयमंड सभागार में 15 हजार से अधिक लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संगठन विश्व के 140 देशों में जनमानस का सामाजिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण कर रहा है। गौरव का विषय है कि संस्थान के मेडिकल विंग को पूरे भारतवर्ष में नशामुक्ति भारत अभियान चलाने के लिए चुना गया है। व्यसनमुक्ति अभियान हो या स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण अभियान समाज में चेतना जगाने का हर संभव प्रयास भाई-बहनें कर रहे हैं। युवा धन नशे से मुक्त रहकर सशक्त बने यह हमारा दायित्व है। ब्रह्माकुमारीज इस दायित्व को निभाते हुए नशामुक्त भारत अभियान प्रारंभ कर रही है। गुजरात में ग्राउंड लेवल से नशामुक्ति के लिए सरकार कार्य कर रही है। समाज को नशे से मुक्त रखने की भावना को केंद्र में रखते हुए ब्रह्माकुमारी ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक आयोजन किए हैं, यह अभिनंदनीय है। लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देकर उन्हें नशे से दूर रखना और नशामुक्त करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं संस्था के आदर्शों से परिचित हूं-
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया है। ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा इसी भावना के साथ सबका साथ और सबका विकास को लेकर आध्यात्मिक मार्गदर्शन, पर्यावरण सुरक्षा, समाजसेवा के सामाजिक सरोकार को साकार करते हुए विभिन्न आयोजन होते हैं। संस्था के इन प्रयासों की सफलता गौरव की बात है। मैं संस्था के आदर्शों से परिचित हूं। यह संस्था एक साधारण आध्यात्मिक संगठन से प्रारंभ होकर एक वैश्विक संगठन बन गया है।
मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज, भारत सरकार के जलशक्ति मंत्रालय के साथ मिलकर जल संरक्षण की दिशा में जल जन अभियान चला रही है। संस्था 22 मार्च से पूरे भारत में जल सप्ताह के कार्यक्रम करने जा रही है। संस्था के शांतिवन में 32 लाख लीटर जल संग्रहण की व्यवस्था की गई है, यह अभिनंदनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात में सुजलाम-सुफलाम जल अभियान बहुत सफल रहा है। प्रदेश में इस अभियान से 86 हजार लाख से अधिक जलकूप संग्रह क्षमता का बढ़ावा हुआ है। ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा भी जल संरक्षण के लिए इको फ्रेंडली क्षमता का विकास किया गया है। संस्था जल संरक्षण की दिशा में बहुत ही सराहनीय कार्य कर रही है।शुभ कार्य में सदा सहयोग जरूर करें-
– मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी ने कहा कि सुखदाता, परमपिता शिव परमात्मा की संतान हमारे प्यारे भाई और बहनें और भूपेंद्र भाई का स्वागत है।
– अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने कहा कि हमें जब भी कभी जीवन में किसी शुभ कार्य के लिए निमंत्रण मिले तो समय निकालकर वहां जरूर पहुंचना चाहिए। इससे हमें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। समाज में सहयोग की भावना का विकास होता है। 13 वर्ष की आयु में दादी रतनमोहिनी के संपर्क में आईं। दादीजी के जीवन से हमें प्रेरणा मिलती है कि जीवन में कितनी भी परिस्थितियां आएं हम सदा मुस्कुराते रहें।
– स्वागत भाषण देते हुए कार्यकारी सचिव डॉ. बीके मृत्युंजय ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज परिवार में मुख्यमंत्री को स्वागत है। संस्थान के प्रति सदा आपका सहयोग रहता है। संचालन बीके शिविका ने किया। बता दें कि ब्रह्माकुमारीज एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा संयुक्त रूप से देशभर में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जाएगा।झलकियां-
– हैलीपेड पर भाजपा विधायक जगसीराम कोली, समाराम गरासिया और ब्रह्माकुमारीज के कार्यकारी सचिव डॉ. बीके मृत्युंजय ने पुष्पगुच्छ और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
– समारोह में दादी रतनमोहिनी द्वारा की गईं विश्व सेवाओं और उपलब्धियों को लेकर डॉक्यूमेंटी फिल्म दिखाई गई।
– डायमंड हॉल में सभी राज्यों को दर्शाती और नशामुक्ति का संदेश देती रैली निकाली गई।